फिल्मी स्टाइल में लूट,पुलिस ने दिखाया रियल एक्शन,24 घंटे में लिखी अपराधियों की ‘गिरफ्तारी स्क्रिप्ट..

# Neeraj Makhija | 19 Feb, 2026

बिलासपुर//-  शहर के राजकिशोर नगर में ज्वेलरी व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूट का बिलासपुर पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। इस हाई-प्रोफाइल लूटकांड में शामिल अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोना, नगदी, हथियार और घटना में इस्तेमाल वाहन भी बरामद कर लिया है..

दरअसल, 17 फरवरी की रात महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी अपनी दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी कार को टक्कर मारकर रोका और पिस्टल दिखाकर मारपीट करते हुए कार समेत करीब 2 किलो सोना, जेवर और 3.50 लाख रुपए नगद लूटकर फरार हो गए थे..

 घटना के बाद पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में नाकेबंदी कर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और आरोपियों के फरार होने के रूट को ट्रेस किया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी उत्तरप्रदेश की ओर भागे हैं। इसके बाद बिलासपुर पुलिस ने यूपी पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मिर्जापुर जिले में दबिश दी और मास्टरमाइंड विजय लांबा समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया..

पुलिस जांच में सामने आया कि मास्टरमाइंड विजय लांबा शातिर अंतरराज्यीय अपराधी है, जिसके खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में 70 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया सोना, नगदी, हथियार और घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है। इस पूरी कार्रवाई को बिलासपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Banner