गुरुवार को शारदीय नवरात्र पर रतनपुर महामाया मंदिर जाने हेतु उमडेगा जनसमूह,मां कालरात्रि दर्शन से भक्तों की आस्था की दिखेगी अद्भुत झलक..

# Neeraj Makhija | 09 Oct, 2024

बिलासपुर//- शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि 10 अक्टूबर पर मां कालरात्रि के स्वरूप की आराधना के लिए रतनपुर के आदिशक्ति महामाया मंदिर में भक्तों का विशाल जनसमूह उमड़ेगा, श्रद्धा और आस्था से भरे भक्त बिलासपुर से रतनपुर तक 30 किलोमीटर की यात्रा पैदल तय करेंगे। यहां आस्था की अद्भुत झलक दिखेगी। मंदिर ट्रस्ट ने इस बार भक्तों के लिए भव्य तैयारियां की हैं, जिनमें विशाल भंडारा, वापसी के लिए 50 बसों की सुविधा, धर्मशाला में रुकने की व्यवस्था, मेडिकल सुविधा और शुद्ध पेयजल जैसी कई निशुल्क सेवाएं शामिल हैं..

आस्था और भक्ति के इस पर्व पर रतनपुर का महामाया मंदिर एक बार फिर से अनगिनत दीपों और श्रद्धालुओं के उल्लास से जगमगाने वाला है। इधर पंचमी तिथि पर सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त दर्शन करने पहुंचे। आलम यह कि मंदिर में पैर रखने की जगह नहीं थी। भीड़ को नियंत्रित करने वालिंटियर्स और पुलिस के जवान तैनात रहे। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से व्यवस्था बनाया। मंदिर परिसर में सुबह से रात तक माता के जयकारे लग रहे थे..

24 घंटे खुले रहेंगे मंदिर के पट

मंदिर ट्रस्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश शर्मा ने बताया कि 10 अक्टूबर महासप्तमी पर मंदिर के पट बंद नहीं होंगे,रातभर यानी 24 घंटे खुले रहेंगे। भक्तों की भीड़ को देखते हुए सभी पदाधिकारी के साथ सहयोगी व्यवस्था में लगे हुए हैं। भक्तों की सुविधा के लिए पेयजल एवं ठहरने के लिए निशुल्क धर्मशाला व्यवस्था है। सड़क पर वाहनों को व्यवस्थित करने यातायात विभाग सतर्क रहेगा। पदयात्री श्रद्धालुओं को वापसी के लिए 50 बस एवं भंडारा की भी व्यवस्था होगी..

Banner